शिमला। हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन में नेतृत्व को लेकर चल रहा विवाद खत्म होने के बाद संगठन ने अब पेंशनरों की लंबित वित्तीय मांगों पर फोकस कर दिया है। एसोसिएशन ने सरकार से दिवाली से पहले वर्ष 2016 से 2022 के बीच सेवानिवृत्त कर्मचारियों को लीव इनकैशमेंट, ग्रेच्युटी एरियर और लंबित डीए की किश्तों का भुगतान करने की मांग की है।प्रदेश प्रधान आत्माराम शर्मा, वरिष्ठ उपप्रधान हरीश शर्मा और महासचिव हुकम सिंह ठाकुर ने कहा कि नवरात्र के दौरान प्रदेश के सभी जिलों में बैठकें कर पेंशनरों की मांगों पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का रुख सकारात्मक रहा है, इसलिए दिवाली से पहले राहत की उम्मीद है।
पदाधिकारियों के अनुसार छह जुलाई 2025 को सुंदरनगर में हुए प्रदेश स्तरीय चुनाव में आत्माराम शर्मा को प्रधान चुना गया था। चुनाव को सुरेश ठाकुर गुट ने चुनौती दी थी। उपपंजीयक ने तीन अक्तूबर को अपील खारिज कर दी। एसोसिएशन ने इसे विवाद का पटाक्षेप बताया है।
