शिमला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के निर्देशों पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने प्रदेश के सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में डॉक्टरों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने और स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए 228 मेडिकल अधिकारियों (जनरल विंग) की भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है।इस भर्ती में 70 बैकलॉग पद और 158 नए पद शामिल हैं। विभाग ने इन पदों को भरने के लिए हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग (HPPSC) को प्रस्ताव भेज दिया है।
स्वास्थ्य क्षेत्र में अन्य मुख्य कदम:
-
सुपर स्पेशलिटी पद पर पदोन्नति: चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग के तहत गैस्ट्रोएंटरोलॉजी (Gastroenterology) में असिस्टेंट प्रोफेसर (सुपर स्पेशलिटी) का एक पद पदोन्नति द्वारा भरने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है।
-
194 डॉक्टरों की हालिया नियुक्ति: सरकार ने चालू माह के दौरान पोस्ट ग्रेजुएशन और सीनियर रेजीडेंसी का कार्यकाल पूरा करने वाले 118 विशेषज्ञों सहित 194 डॉक्टरों को नियुक्ति पत्र दिए हैं। इन्हें प्रदेश के सिविल अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, क्षेत्रीय, जोनल अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में तैनात किया गया है।
स्वास्थ्य विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि इन भर्तियों और नियुक्तियों से प्रदेश के नागरिकों को घर-द्वार पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी तथा मौजूदा मेडिकल स्टाफ पर काम का बोझ कम होगा।
